- कोरोना के कर्मयोद्धाओं (वॉरियर्स) के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए 22 अप्रैल 2020 को बीएमएस मनाएगा ‘एकजुटता दिवस’
नई दिल्ली। देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन कोरोना के कर्मयोद्धाओं के समर्थन और उनके सम्मान के लिए आगे आया है. संगठन ने फ़ैसला लिया है कि 22 अप्रैल 2020 को ‘एकजुटता दिवस’ (SOLIDARITY DAY ) के रूप में मनाते हुए कोरोना वॉरियर्स (योद्धाओं) को अपना समर्थन जाहिर करते हुए उनका अभिनंदन करेगा. यह पूरा कार्यक्रम 22 अप्रैल 2020 को 4 PM से 4.15 PM तक आयोजित होगा. जिसके तहत एक मिनट मौन रखकर ऐसे स्वास्थ्यकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिन्होंने कोरोना मरीजों की देखभाल में अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया. बीएमएस के महामंत्री विरजेश उपाध्याय ने प्रेस वक्तव्य में कहा कि ”कोरोना की इस जंग में स्वास्थ्यकर्मी, स्वच्छता के प्रहरी, पुलिस के जवान, बैंक कर्मचारी, रेलवे ट्रैकमैन, बिजली कर्मचारियों से लेकर संकट की इस घड़ी में भी दिन-रात आवश्यकत वस्तुओं की आपूर्ति में जुटा हर सदस्य सच्चा कर्मयोद्धा है. यह इन सभी की राष्ट्र के प्रति निष्ठा और संकल्पशक्ति के साथ मानवता के प्रति आस्था की अभिव्यक्ति है. जिसमें वह हमारे घर तक हर बुनियादी वस्तु की आपूर्ति के लिए कृतसंकल्पित हैं, बस इस इच्छा से की हम स्वयं और देश के लिए घरों में सुरक्षित रहें.”
यहां आयोजित होंगे कार्यक्रम
श्रद्धांजलि अर्पित करने का यह कार्यक्रम अपने घर, संगठन के कार्यालय, कार्यस्थल (लॉकडाउन क्षेत्र), गली, हॉस्पिटल, पुलिस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बैंक,बिजली घर ,कार्यालय (अर्थात लॉकडाउन के प्रतिबंधों से मुक्त स्थानों) पर उपस्थित सभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग के सभी नियमों का पालन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. संगठन ने अपने सभी सदस्यों को किसी भी परिस्थिति में कहीं भी जन समूह एकत्रित न करने का भी निर्देश दिया है।
कुछ इस तरह करेंगे अभिनंदन
अपना समर्थन ज्ञापित करने के लिए बीएमएस के 5 हज़ार से अधिक यूनियन के कार्यकर्ता बैनर, पोस्टकार्ड, बैज (प्रतीक चिन्ह) आदि को प्रदर्शित करेंगे. संगठन की ओर जारी प्रेस वक्तव्य में बताया गया है कि लॉकडाउन के नियमों के अंतर्गत ही अपने घर, कार्यालय, कार्यस्थल, पार्किंग आदि के बाहर इन प्रतीक चिन्हों का प्रदर्शन किया जाएगा.
कर्मयोद्धाओं को किया जाएगा सम्मानित
एकजुटता दिवस (SOLIDARITY DAY) के मौके पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, 108 एंबुलेंस वर्कर, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सफाईकर्मचारी, पुलिस के जवानों, बैंक के कर्मचारियों, रेलवे के ट्रैकमैन, बिजली विभाग के कर्मचारी समते आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में जुटे लोगों जैसे लोगों को सम्मानित/अभिवादन/अभिनंदन किया जाएगा. राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश देने के लिए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा.




Comments
Post a Comment